·
Iffat Zia
·17 min read·

Makafate Amal Kya Hai: जैसी करनी वैसी भरनी की इस्लामी हक़ीक़त

Makafate Amal in Islam: जानिए मकाफ़ाते अमल क्या है? ज़ालिम हुक्मरानों और दौलतमंदों को ढील क्यों मिलती है, ज़ुल्म का दुनियावी अंजाम और कुरान व हदीस की रौशनी में इंसाफ़ का अटल कानून।

Makafate Amal Kya Hai: जैसी करनी वैसी भरनी की इस्लामी हक़ीक़त

Table of Contents

दुनिया में एक बहुत मशहूर कहावत है—“जैसी करनी, वैसी भरनी” या “जो बोओगे, वही काटोगे”। उर्दू और अरबी अदब में इसी उसूल को “मकाफ़ाते अमल” (Makafate Amal) कहा जाता है।

अक्सर जब इंसान किसी पर ज़ुल्म करता है, किसी कमज़ोर का दिल दुखाता है, या किसी का हक़ मारकर ऐश करता है, तो वो यह समझता है कि वो बहुत होशियार है और उससे कोई पूछने वाला नहीं। लेकिन कुदरत का एक अटल निज़ाम है: वक्त हर अमल का कर्ज़ ज़रूर लौटाता है। जो दर्द आप आज किसी को दे रहे हैं, कल वही दर्द किसी न किसी सूरत में आपके सामने आकर खड़ा हो जाता है।

इस आर्टिकल में हम कुरान, हदीस और ज़िंदगी की सच्ची मिसालों की रौशनी में जानेंगे कि Makafate Amal Kya Hai, इस्लाम में इसका क्या मफ़हूम है, जब बाप अपनी जायदाद में चापलूस बेटे को ज़्यादा और दूसरों को कम दे तो मजलूम औलाद क्या करे, ताकतवर हुक्मरानों और बड़े दौलतमंदों के ज़ुल्म पर अल्लाह की क्या हिकमत होती है और कुदरत का इंसाफ़ किस तरह सामने आता है।

ये भी पढ़े: 15 कड़वी सच्चाईयां और इस्लामी नसीहतें


1. मकाफ़ाते अमल का क्या मतलब है? (Meaning of Makafate Amal)

लफ़्ज़ ‘मकाफ़ात’ (मुकाफ़ात) का मतलब होता है—बदला, जज़ा या जैसा काम वैसा नतीजा। और ‘अमल’ का मतलब है इंसान के काम या करतूत।

आसान लफ़्ज़ों में:

इंसान अपने अच्छे या बुरे आमाल का जो नतीजा इसी दुनिया में अपनी आंखों से देखता है, उसे मकाफ़ाते अमल कहा जाता है।

अगर आपने किसी की गिरती हुई दीवार को सहारा दिया है, तो कल जब आप लड़खड़ाएंगे तो अल्लाह किसी को आपका सहारा बना देगा। और अगर आपने किसी की हंसती-खेलती ज़िंदगी उजाड़ी है, तो याद रखें कि आपके अपने घर की दीवारें भी महफ़ूज़ नहीं रहेंगी।

अरबी की एक बहुत मशहूर और गहरी कहावत है:

كَمَا تَدِينُ تُدَانُ

हिन्दी उच्चारण: “कमा तदीनु तुदान”

हिन्दी तर्जुमा: “जैसा तुम दूसरों के साथ बर्ताव करोगे, वैसा ही बर्ताव तुम्हारे साथ किया जाएगा।”
— (अस्-सुनन अल-कुबरा लिल-बैहक़ी: 10/228)


2. कुरान करीम में मकाफ़ाते अमल का उसूल

अल्लाह तआला ने कुरान मजीद में बार-बार इंसानों को चेताया है कि तुम्हारा कोई भी छोटा या बड़ा अमल बेकार नहीं जाता। हर अमल का एक नतीजा तय है:

1. भलाई का बदला भलाई और बुराई का बदला बुराई

सूरह अर-रहमान में रब्बे कायनात फरमाता है:

هَلْ جَزَاءُ الْإِحْسَانِ إِلَّا الْإِحْسَانُ

हिन्दी उच्चारण: “हल जज़ा-उल-इहसानी इल्लल-इहसान”

हिन्दी तर्जुमा: “क्या नेकी और एहसान का बदला नेकी और एहसान के सिवा कुछ और हो सकता है?”
— (सूरह अर-रहमान: 60)

इसी तरह सूरह ज़िलज़ाल में फरमाया गया:

فَمَن يَعْمَلْ مِثْقَالَ ذَرَّةٍ خَيْرًا يَرَهُ ۝ وَمَن يَعْمَلْ مِثْقَالَ ذَرَّةٍ شَرًّا يَرَهُ

हिन्दी उच्चारण: “फ़मन य’मल मिस्क़ाला ज़र्रतिन ख़ैरां यरह, वमन य’मल मिस्क़ाला ज़र्रतिन शर्रां यरह”

हिन्दी तर्जुमा: “पस जिसने ज़र्रा बराबर भी नेकी की होगी वह उसे देख लेगा, और जिसने ज़र्रा बराबर भी बुराई की होगी वह उसे देख लेगा।”
— (सूरह अज़-ज़िलज़ाल: 7-8)

अगर कोई इंसान ज़ुल्म की खेती बोएगा, तो वह कभी अमन और चैन का फल नहीं काट सकता।

ये भी पढ़े: 70 बड़े गुनाह और तौबा का सही तरीका


3. जब वालिद अपनी जायदाद में नाइंसाफ़ी करे और चापलूस बेटे को सब दे दे (एक बड़ा घरेलू ज़ुल्म)

हमारे मुआशरे में यह एक बहुत ही दर्दनाक और आम कड़वी सच्चाई बन चुकी है:
अक्सर बाप अपनी ज़िंदगी में ही अपनी मेहनत की कमाई या पुश्तैनी ज़मीन बांटते वक्त इंसाफ़ नहीं करता। जो बेटा आगे-पीछे घूमता है, चापलूसी करता है, चिकनी-चुपड़ी बातें करता है या दिखावटी खिदमत करता है, वालिद खुश होकर अपनी सबसे बेहतरीन, कीमती और प्राइम प्रॉपर्टी (दुकान, सड़क का मकान, उपजाऊ ज़मीन) उसी के नाम कर देता है। और जो बेटे या बेटियां सीधे, शरीफ़, मेहनत करने वाले या हक़ की बात बोलने वाले होते हैं, उन्हें या तो घटिया व दूर की ज़मीन थमा दी जाती है या बिल्कुल महरूम कर दिया जाता है।

ऐसे में जिन भाई-बहनों का हक़ मारा जाता है, उनके दिल पर आरे चलते हैं। वे सोचते हैं कि:
“जिस वालिद को हमने अल्लाह के बाद सबसे ऊंचा मक़ाम दिया, जब वही हमारे साथ ज़ुल्म कर रहा है, तो हम क्या करें? हम अपने दिल को कैसे तसल्ली दें? और उस चापलूस भाई का क्या अंजाम होगा?”

आइए इसे शरीअत, हदीस और मकाफ़ाते अमल की कसौटी पर गहराई से समझें:

1. औलाद के दरमियान बराबरी न करना—रसूलुल्लाह (ﷺ) की नज़र में ‘ज़ुल्म’

इस्लाम में अपनी ज़िंदगी में औलाद को तोहफे या जायदाद (हिबा) देते वक्त तमाम बेटों और बेटियों के बीच पूरी बराबरी और अद्ल (इंसाफ़) करना फ़र्ज़ है। किसी एक को उसकी चापलूसी या मोहब्बत की वजह से ज़्यादा देना सख्त हराम और ज़ुल्म है।

सहीह बुखारी (हदीस: 2587) और सहीह मुस्लिम (हदीस: 1623) में हज़रत नोमान बिन बशीर (रज़ि.) की मशहूर हदीस है:

हज़रत बशीर (रज़ि.) ने अपने एक बेटे (नोमान) को एक बाग़ तोहफे में दिया। उनकी बीवी ने कहा कि जब तक रसूलुल्लाह (ﷺ) को इस पर गवाह न बना लो, मैं राज़ी नहीं होऊँगी। जब वे नबी करीम (ﷺ) की खिदमत में हाज़िर हुए और अर्ज़ किया कि ‘या रसूलुल्लाह! मैं अपने इस बेटे को एक बाग़ दे रहा हूँ, आप इस पर गवाह बन जाइए।’

नबी करीम (ﷺ) ने दरयाफ़्त फरमाया: “क्या तुमने अपनी तमाम औलाद को ऐसा ही एक-एक बाग़ दिया है?”
उन्होंने कहा: ‘नहीं।‘
इस पर अल्लाह के रसूल (ﷺ) ने गुस्से में चेहरा फेर लिया और फरमाया:
“فَاتَّقُوا اللَّهَ وَاعْدِلُوا بَيْنَ أَوْلَادِكُمْ” (अल्लाह से डरो और अपनी औलाद के दरमियान इंसाफ़ करो!)
और सख्त लफ़्ज़ों में फरमाया: “فَلَا تُشْهِدْنِي إِذًا، فَإِنِّي لَا أَشْهَدُ عَلَى جَوْرٍ” (तो फिर मुझे इस पर गवाह मत बनाओ, क्योंकि मैं किसी ज़ुल्म पर गवाह नहीं बनता!)

गौर फरमाइए! नबी करीम (ﷺ) ने बाप द्वारा एक बेटे को ज़्यादा देने को साफ़ तौर पर ‘जौर’ (ज़ुल्म) क़रार दिया और गवाह बनने से साफ इनकार कर दिया।

2. वालिद का मकाफ़ाते अमल: उसी चापलूस बेटे के हाथों ज़िल्लत

तारीख और रोज़मर्रा की ज़िंदगी गवाह है कि जिस चापलूस बेटे के नाम बाप अंधे प्यार में आकर अपनी सारी प्राइम प्रॉपर्टी लिख देता है, मकाफ़ाते अमल का पहला डंडा उसी बाप पर पड़ता है:

  • जैसे ही रजिस्ट्री और कागज़ात चापलूस बेटे और उसकी बीवी के हाथ आते हैं, उनके तेवर रातों-रात बदल जाते हैं।
  • वही बाप जो कल तक घर का मालिक था, उसी घर के एक कोने में फटे-पुराने बिस्तर पर बेगाना बनकर पड़ा रहता है।
  • बुढ़ापे में वही चापलूस बेटा उसे बात-बात पर झिड़कता है, उसकी दवाई के पैसे देने में मुंह बनाता है, और आखिर में उसी के बनाए घर से धक्के मारकर बाहर निकाल देता है।
  • तब उस वालिद को उन शरीफ़ और मजलूम बेटों की याद आती है जिनका हक़ उसने अपने हाथों से छीना था। यह कुदरत का सबसे नकद बदला है!

3. उस चापलूस भाई का भयानक अंजाम

जो भाई अपने माँ-बाप को बहला-फुसला कर, झूठी हमदर्दी दिखाकर अपने दूसरे भाइयों और बहनों का हक़ मारता है, वह अपने घर में बारूद भर रहा होता है:

  • हराम माल की आग: भाई-बहनों का दबाया हुआ हिस्सा उसके पेट में हराम की आग बनकर जाएगा।
  • उसकी अपनी औलाद में जंग: मकाफ़ाते अमल का उसूल है कि जो दौलत उसने अपने भाइयों से छीनी है, कल उसकी अपनी औलाद उसी ज़मीन के टुकड़ों के लिए आपस में एक-दूसरे के खून की प्यासी होगी और उसके जीते-जी उसकी दौलत पर मुकदमे लड़ेगी।
  • आखिरत का अज़ाब: नबी करीम (ﷺ) ने फरमाया कि जिसने ज़ुल्म से एक बालिश्त ज़मीन भी किसी की हड़प ली, क़यामत के दिन सात ज़मीनों का तौक़ उसके गले में डाला जाएगा (सहीह बुखारी: 2458)।

4. मजलूम भाई-बहन अपने दिल को कैसे तसल्ली दें और क्या करें?

अगर आपके वालिद ने भी किसी भाई के बहकावे में आकर आपके साथ ऐसा ज़ुल्म किया है, तो अपने ईमान को बचाने के लिए ये 4 बातें गांठ बांध लें:

  1. अदब से समझाएं, लेकिन बेअदबी न करें: शरीअत में वालिद को नरमी, हिकमत और किसी मोतबर आलिम या बड़े रिश्तेदार के ज़रिए हदीस सुनाकर समझाना जायज़ है। लेकिन अगर वो फिर भी न मानें, तो उनके सामने चीखना, गालियां बकना या हाथ उठाना हराम है, क्योंकि वालिद का मुक़ाम अपनी जगह है।
  2. सच्चा रिज़्क़ ज़मीन के टुकड़ों में नहीं, अल्लाह के हाथ में है: यह यक़ीन रखें कि कोई बाप या भाई आपका रिज़्क़ नहीं छीन सकता। बाप सिर्फ ज़मीन लिख सकता है, लेकिन बरकत, सेहत और इज्ज़त सिर्फ अल्लाह देता है। अक्सर देखा गया है कि जिन बेटों को बाप महरूम कर देता है, अल्लाह अपनी रहमत से उन्हें उस प्राइम प्रॉपर्टी से कहीं ज़्यादा दौलत, सुकून और इज़्ज़त अता फरमाता है!
  3. सबर का अज़ीम बदला: जब आप अल्लाह की रज़ा के लिए अपने वालिद के ज़ुल्म पर सब्र करते हैं और रिश्ते नहीं तोड़ते, तो अल्लाह आपके लिए गैब से बरकत के दरवाज़े खोल देता है।
  4. आखिरत में पूरा हिसाब: जो हक़ आपका दुनिया में मारा गया है, क़यामत के दिन उस चापलूस भाई को अपनी नेकियां आपको देनी पड़ेंगी, या आपके गुनाह उसके सर पर लाद दिए जाएंगे।

ये भी पढ़े: इस्लाम में विरासत के नियम और तकसीम


4. जब कोई ज़ालिम दशकों तक हुकूमत करे और ज़ुल्म बढ़ता जाए, तो दिल को तसल्ली कैसे दें?

अक्सर जब कोई इंसान किसी सूबे का बड़ा हाकिम (सीएम) बनकर बरसों तक ज़ुल्म और खून-खराबा करता है, फिर तरक्की पाकर पूरे मुल्क का सबसे बड़ा हुक्मरान (पीएम) बन जाता है और 10–12 साल से ज़्यादा वक़्त तक मुसलसल झूठ, नफ़रत, बुलडोज़र और बेगुनाहों पर ज़ुल्म का बाज़ार गर्म रखता है—फिर भी उसे एक छींक तक नहीं आती, न कोई बीमारी लगती है और उसकी ताकत बढ़ती ही दिखती है—तो एक आम इंसान और मज़लूम के दिल में मायूसी पैदा होने लगती है:

“या अल्लाह! इतना बड़ा ज़ालिम इतने लंबे अरसे से ज़ुल्म कर रहा है, हम कब तक सब्र करें? क्या मकाफ़ाते अमल सिर्फ कमज़ोरों के लिए है? ऐसे ज़ालिमों का फैसला कब होगा?”

इस नाज़ुक मोड़ पर अपने दिल और ईमान को तसल्ली देने के लिए कुरान और सुन्नत के ये 4 सुनहरे उसूल हमेशा अपने ज़हन में रखें:

1. अल्लाह का पैमाना हमारे दिनों और सालों जैसा नहीं है

इंसान बहुत उतावली तबीयत का बना है, वह चाहता है कि आज ज़ुल्म हुआ तो कल ही ज़ालिम पर बिजली गिर जाए। लेकिन अल्लाह की अदालत का वक्त हमारे कैलेंडर से नहीं चलता।

  • फिरौन ने 400 साल तक हुकूमत की थी: फिरौन ने कोई 10–20 साल नहीं, बल्कि चार सदियों (400 Years) तक बेगुनाह बच्चों का कत्ल कराया और खुद को ‘रब्बुल आला’ (सबसे बड़ा खुदा) कहता रहा। इस पूरे अरसे में उसे कभी सिरदर्द या बुखार तक नहीं हुआ! लेकिन जब उसके गुनाहों का घड़ा पूरा भर गया, तो अल्लाह ने उसे बीच समंदर में इस तरह डुबोया कि उसकी लाश आज तक पूरी दुनिया के लिए ज़िल्लत की निशानी बनी हुई है।
  • नमरूद ने 400 साल हुकूमत की: नमरूद ने सदियों तक आग की भट्टी दहकाई, लेकिन जब उसकी पकड़ का वक्त आया, तो अल्लाह ने किसी बड़े लश्कर से नहीं बल्कि एक मामूली लंगड़े मच्छर के ज़रिए उसे जूतों की ठोकरें खाने पर मजबूर कर दिया।

2. ‘इस्तिदराज’ यानी पहाड़ की चोटी तक ले जाकर नीचे पटकना

कुरान का कानून है कि जब कोई इंसान ज़ुल्म और झूठ को ही अपनी सियासत बना लेता है, तो अल्लाह उसे फौरन नीचे नहीं गिराता। अल्लाह उसे और ऊंचे मक़ाम (State से Center तक) पर ले जाता है, ताकि जब वह पहाड़ की सबसे ऊंची चोटी से औंधे मुंह गिरे, तो उसकी कोई एक हड्डी भी सलामत न बचे।

अल्लाह तआला सूरह आले-इमरान में फरमाता है:

وَلَا يَحْسَبَنَّ الَّذِينَ كَفَرُوا أَنَّمَا نُمْلِي لَهُمْ خَيْرٌ لِّأَنفُسِهِمْ ۚ إِنَّمَا نُمْلِي لَهُمْ لِيَزْدَادُوا إِثْمًا ۚ وَلَهُمْ عَذَابٌ مُّهِينٌ

हिन्दी उच्चारण: “वला यहसबन्नल्लज़ीना कफ़रू अन्नमा नुमली लहुम खै़रुल-लि-अन्फ़ुसिहिम, इन्नमा नुमली लहुम लियज़दादू इस्मा, व लहुम अज़ाबुम-मुहीन”

हिन्दी तर्जुमा: “और ये ज़ालिम हरगिज़ यह न समझें कि हमारी दी हुई यह लंबी ढील उनके लिए कोई अच्छी बात है! हम तो उन्हें सिर्फ इसलिए ढील दे रहे हैं ताकि वे अपने गुनाहों का बोझ और बढ़ा लें; और आखिर में उनके लिए बेहद ज़लील करने वाला अज़ाब तैयार है।”
— (सूरह आले-इमरान: 178)

3. रसूलुल्लाह (ﷺ) का फरमान: ढील ख़त्म होते ही पकड़

सहीह बुखारी और सहीह मुस्लिम में रसूलुल्लाह (ﷺ) ने फरमाया:

“बेशक अल्लाह तआला ज़ालिम को ढील देता रहता है, यहाँ तक कि जब वह उसे पकड़ता है, तो फिर उसे कोई रास्ता छूटने का नहीं मिलता!”
— इसके बाद आप (ﷺ) ने यह आयत तिलावत फरमाई: “और तेरे रब की पकड़ ऐसी ही होती है जब वह बस्तियों को पकड़ता है जबकि वे ज़ुल्म कर रहे होते हैं; बेशक उसकी पकड़ बड़ी दर्दनाक और बहुत सख्त होती है।” (सूरह हूद: 102)

4. अंदरूनी अज़ाब: दिल में मुस्तक़िल खौफ़ और बेचैनी

बाहर से ज़ालिम चाहे कितने भी सुरक्षा घेरों, कैमरों और काफिलों में चले, लेकिन अंदर से उसकी रूह तड़प रही होती है। उसे हर पल अपनी कुर्सी छिनने का डर, अपने ही साथियों की गद्दारी का खौफ़, और तारीख़ में एक मक्कार के रूप में दर्ज होने की ज़िल्लत अंदर ही अंदर जलाती रहती है। हराम और ज़ुल्म की ताकत से कभी किसी इंसान को दिली सुकून नसीब नहीं हो सकता।

5. सूरह इब्राहीम की सबसे बड़ी तसल्ली

जब भी किसी ज़ालिम का नशा और ज़ुल्म देखकर दिल भर आए, तो कुरान की इस आयत को अपने सीने पर हाथ रखकर पढ़ें:

وَلَا تَحْسَبَنَّ اللَّهَ غَافِلًا عَمَّا يَعْمَلُ الظَّالِمُونَ ۚ إِنَّمَا يُؤَخِّرُهُمْ لِيَوْمٍ تَشْخَصُ فِيهِ الْأَبْصَارُ

हिन्दी उच्चारण: “वला तहसबन्नल्लाहा ग़ाफ़िलन ‘अम्मा य’मलुज़-ज़ालिमून, इन्नमा युअख्खिरुहुम लियौमिन तश्खसु फ़ीहिल-अब्सार”

हिन्दी तर्जुमा: “और ज़ालिम जो कुछ कर रहे हैं, अल्लाह को उससे हरगिज़ बेखबर न समझना! वह तो उन्हें सिर्फ उस दिन के लिए ढील दे रहा है जिस दिन आंखें दहशत से फटी की फटी रह जाएंगी।”
— (सूरह इब्राहीम: 42)

ज़ालिम की उम्र चाहे 70 साल हो या 80 साल, मौत के फरिश्ते के सामने एक सेकंड भी आगे नहीं बढ़ सकती। उस पल के बाद जब कब्र का तन्हा अंधेरा और अल्लाह की अदालत शुरू होगी, तो हर एक ज़ुल्म, हर एक बेगुनाह के आंसू और हर एक झूठे लफ़्ज़ का कतरा-कतरा हिसाब देना होगा।

ये भी पढ़े: हलाल और हराम कमाई की पहचान व नुकसान


5. दो गुनाह जिनकी सज़ा दुनिया में ही मिल जाती है

यूं तो तमाम गुनाहों का असली हिसाब क़यामत के दिन आखिरत में होना है। लेकिन कुछ गुनाह ऐसे हैं जिनकी सज़ा अल्लाह तआला आखिरत से पहले इसी दुनिया में नकद देता है।

हज़रत अनस बिन मालिक और हज़रत अबी बकरा (रज़ि.) से रिवायत है कि रसूलुल्लाह (ﷺ) ने फरमाया:

“कोई गुनाह ऐसा नहीं जिसकी सज़ा अल्लाह तआला दुनिया में भी जल्द दे दे और आखिरत के लिए भी अज़ाब बचाकर रखे, सिवाए दो गुनाहों के: एक ज़ुल्म और दूसरा क़ता-रहमी (रिश्तेदारों और माँ-बाप का हक़ काटना)।”
— (जामे तिर्मिज़ी: 2511, अबू दाऊद: 4902)

1. वालिदैन (माँ-बाप) की नाफरमानी

वालिदैन के साथ किया गया सुलूक मकाफ़ाते अमल की सबसे नकद मिसाल है। अगर कोई इंसान अपनी जवानी की ताकत में अपने बूढ़े माँ-बाप को बेबस करता है, उन्हें डांटता है, उनकी दिलआज़ारी करता है या वृद्धाश्रम (ओल्ड एज होम) भेजता है—तो वह लिख कर रख ले कि उसकी अपनी औलाद उससे भी बदतर सुलूक उसके साथ करेगी।

नबी करीम (ﷺ) ने फरमाया: “अपने माँ-बाप के साथ हुस्ने सुलूक करो, तुम्हारी औलाद तुम्हारे साथ अच्छा सुलूक करेगी।” (मुस्तरक हाकिम)।

2. कमज़ोर और बेबस पर ज़ुल्म

जब कोई ज़ालिम किसी यतीम का माल खाता है, किसी बेसहारा पर झूठा केस करता है, या अपनी ताकत के घमंड में किसी मज़लूम की आह लेता है—तो अल्लाह की ढील एक दिन खत्म हो जाती है। जब मज़लूम की आह अर्श पर पहुँचती है, तो ज़ालिम का तख्त इस तरह पलटता है कि दुनिया तमाशा देखती है।


6. रोज़मर्रा की ज़िंदगी में मकाफ़ाते अमल की 4 बड़ी मिसालें

मकाफ़ाते अमल कोई काल्पनिक बात नहीं है, बल्कि यह हमारे रोज़ के मुआशरे में हर रोज़ घटती है:

1. सास और बहू का मामला

आज जो बहू अपने ससुराल में अपनी सास को ताने देती है, उन्हें बोझ समझती है और शौहर को उसके माँ-बाप से अलग करने की साज़िशें रचती है—वक्त का पहिया जब घूमता है और वह खुद सास बनती है, तो उसकी बहू उसके साथ वही खेल खेलती है। जैसा बीज बोया जाता है, काटना भी वही पड़ता है।

2. बेटी की शादी और दूसरे की बेटी का सुलूक

बहुत से लोग अपनी बहुओं को दहेज के लिए सताते हैं, उनकी छोटी-छोटी गलतियों पर ज़लील करते हैं, लेकिन जब अपनी बेटी की शादी होती है और वही सुलूक उनकी बेटी के साथ ससुराल वाले करते हैं, तब उन्हें समझ आता है कि दर्द क्या होता है।

ये भी पढ़े: दामाद और ससुराल के इस्लामी हुकूक

3. धोखेबाज़ी और फरेब

अगर किसी इंसान ने किसी साझीदार (Partner) का बिज़नेस में हक़ मारा, किसी का पैसा दबा लिया या किसी बेगुनाह को धोखा दिया—तो चंद सालों बाद कोई दूसरा शातिर इंसान आकर उसका सब कुछ लूट कर ले जाता है। हराम का माल कभी अपनी नस्लों को सुकून नहीं दे सकता।

4. इज़्ज़त उछालना

जो इंसान दूसरों की बहन-बेटियों की इज़्ज़त उछालता है, लोगों की कमजोरियों का मज़ाक बनाता है या सोशल मीडिया पर किसी का तमाशा बनाता है—अल्लाह की क़ुदरत एक दिन उसके अपने घर के राज़ों से पर्दा हटाकर उसे ज़माने भर में रुसवा कर देती है।


7. मकाफ़ाते अमल और “कर्मा” (Karma) में क्या फ़र्क है?

अक्सर गैर-इस्लामी फलसफे में इसे ‘कर्मा’ (Karma) कहा जाता है। हमें यह बुनियादी फ़र्क समझना ज़रूरी है:

पहलूकर्मा (गैर-इस्लामी अक़ीदा)मकाफ़ाते अमल (इस्लामी अक़ीदा)
बुनियादयह माना जाता है कि कायनात खुद-ब-खुद कर्मों का फल देती है (कुदरत का अंधा कानून)।यह अल्लाह तआला का इंसाफ़ (अद्ल) और हिकमत भरा निज़ाम है।
पुनर्जन्मकर्मा पुनर्जन्म (Rebirth/अवागमन) से जुड़ा है कि इंसान अगले जनम में जानवर या कीड़ा बनेगा।इस्लाम में कोई पुनर्जन्म नहीं है; इंसान की एक ही ज़िंदगी है और असली हिसाब आखिरत में होगा।
तौबा और माफीकर्मा में माफी का कोई वजूद नहीं है, भुगतना ही पड़ेगा।इस्लाम में अगर बंदा सच्चे दिल से तौबा कर ले और मज़लूम का हक़ लौटा दे, तो अल्लाह सज़ा को माफ फरमा देता है।

8. अगर किसी के साथ ज़ुल्म हुआ हो, तो उसे क्या करना चाहिए?

अगर आप ज़िंदगी में कभी किसी ज़ालिम के ज़ुल्म, हाकिम की नाइंसाफ़ी या अपनों के धोखे का शिकार हुए हैं, तो दिल छोटा न करें:

  1. बदले की आग में खुद को न जलाएं: नबी करीम (ﷺ) की सुन्नत सब्र और दरगुज़र की है। अगर आप इंसाफ़ नहीं पा सकते, तो मामला उस अल्लाह की अदालत में छोड़ दें जहाँ कोई रिश्वत और तानाशाही नहीं चलती।
  2. मज़लूम की दुआ और आह: नबी (ﷺ) ने फरमाया: “मज़लूम की बद्दुआ से बचो, क्योंकि उसके और अल्लाह के दरमियान कोई पर्दा नहीं होता।” (सहीह बुखारी)। जब ज़मीन के सारे दरवाज़े बंद हो जाएं, तो रात के अंधेरे में आसमान का दरवाज़ा खटखटाएं।
  3. खुद के गिरेबान में झांकें: कभी-कभी जो आज़माइशें और ज़ुल्म हम पर मुसल्लत होते हैं, वो हमारे अपने आमाल की कमज़ोरियों और गफ़लत का नतीजा होते हैं। इसलिए कसरत से तौबा और इस्तिग़फ़ार करें।

ये भी पढ़े: तौबा की नमाज़ पढ़ने का सही तरीका और दुआ


अक्सर पूछे जाने वाले सवाल (FAQs)

Q. क्या वालिद का किसी एक बेटे को ज़्यादा जायदाद देना इस्लाम में जायज़ है?
A.

जी नहीं, बिल्कुल हराम है। सहीह बुखारी और मुस्लिम की हदीस में नबी करीम (ﷺ) ने औलाद के बीच तोहफे या जायदाद में गैर-बराबरी करने को साफ़ लफ़्ज़ों में ‘ज़ुल्म’ (जौर) क़रार दिया है और इस पर गवाह बनने से इंकार फरमाया है।

Q. अगर बाप चापलूसी में आकर किसी एक भाई को सब कुछ दे दे, तो दूसरे भाई क्या करें?
A.

वालिद को किसी बड़े आलिम या बुज़ुर्ग के ज़रिए हदीस सुनाकर अदब से समझाएं। अगर वो न मानें, तो बेअदबी करने के बजाय सब्र करें और अल्लाह से अपने रिज़्क़ की दुआ करें। अल्लाह किसी भी इंसान का रिज़्क़ किसी बंदे का मोहताज नहीं रखता।

Q. जब कोई ज़ालिम दशकों तक हुकूमत करके ज़ुल्म करता रहे तो सब्र कैसे रखें?
A.

यह याद रखें कि फिरौन और नमरूद को भी 400-400 साल की ढील मिली थी। अल्लाह की अदालत हमारे कैलेंडर से नहीं चलती। यह ढील ज़ालिम के लिए नेमत नहीं बल्कि उसकी हलाकत का सामान है ताकि उसकी कोई दलील बाकी न रहे।

Q. क्या मकाफ़ाते अमल हर इंसान के साथ इसी दुनिया में होता है?
A.

ज़रूरी नहीं कि हर गुनाह की पूरी सज़ा दुनिया में ही मिल जाए। अक्सर अल्लाह तआला अपनी हिकमत से ज़ालिमों को ढील देता है और उनकी पूरी सज़ा आखिरत के लिए उठा रखता है। लेकिन कुछ गुनाहों (जैसे माँ-बाप को सताना या ज़ुल्म) की सज़ा दुनिया में भी ज़रूर चखनी पड़ती है।

Q. अगर हमने अतीत में किसी का दिल दुखाया हो, तो मकाफ़ाते अमल से कैसे बचें?
A.

मकाफ़ाते अमल की सज़ा से बचने का सिर्फ एक ही रास्ता है: जिस इंसान का दिल दुखाया है या जिसका हक़ मारा है, जीते-जी उसके सामने हाथ जोड़कर माफी मांगें और उसका हक़ वापस लौटाएं। साथ ही अल्लाह से रो-रो कर तौबा करें।


नतीजा (Conclusion)

ज़िंदगी एक गूंज (Echo) की तरह है। आप जो आवाज़ इस कायनात में निकालेंगे, वही पलट कर आपके कानों में आएगी। चाहे कोई सूबे से लेकर केंद्र तक 10-20 साल हुकूमत करने वाला ताकतवर हाकिम हो, या घर में बैठकर अपनी ही औलाद का हक़ मारने वाला वालिद—कुदरत के तराज़ू में सबका वजन बराबर है।

अल्लाह की दी हुई ढील को कभी अपनी कामयाबी न समझें। जब ज़ुल्म की इंतिहा होती है, तो कुदरत का फैसला इस तरह आता है कि इंसान को भागने का रास्ता भी नहीं मिलता। इतिहास में जितने भी ज़ालिम आए, उनका अंत बेबसी, ज़िल्लत और मिट्टी के ढेर पर हुआ।

अल्लाह तआला हमें किसी भी इंसान पर ज़ुल्म करने, अपनी औलाद में नाइंसाफ़ी करने, किसी का हक़ मारने और ताकत के घमंड में मुब्तला होने से महफ़ूज़ रखे, और हमें इंसाफ़ की राह पर चलने की तौफीक अता फरमाए। आमीन!

अगर यह सबक-आमोस तहरीर आपको पसंद आई हो, तो इसे अपने दोस्तों और रिश्तेदारों के साथ WhatsApp पर ज़रूर शेयर करें ताकि हर कोई अपने आमाल का मुहासिबा कर सके।

    Share:

    Comments

    Back to Blog